अनुसरण करें

Tuesday, 18 February 2020

गटरेश्वर ( लघुकथा )






गटरेश्वर ( लघुकथा )  

पाड़े जी के घर के सामने से बहती बजबजाती दुर्गन्धयुक्त नाली और उसमें घुसा एक राक्षस कद का आदमी! घर के भीतर से आती एक तीखी आवाज़-  
"राम!"
"राम!"
"राम!"
"का सभई धरम नाले में घोरकर पी गये हो पाड़े जी!"
"अरे ज़रा समाज का तो ख़याल कर लिया होता।"
"अब क्या अपनी जूती सर पर रखोगे!" 

गंभीर व्यंग्य करती हुई चिकनी पड़ाइन पाड़े जी को दो टूक सुनाती है। 

"का हरज है!"
"ख़ाली गिलास से पानी ही तो पीया रहा चमनवा जमादार।"
"बड़ी प्यास लगी रही बेचारे को।"
"सुबह से तुम्हारा संडास साफ़ कर रहा है।"
"आख़िर ऊ भी तो इंसान है!"
कहते हुए पाड़े जी चिकनी पड़ाइन के दरबार में अपनी बात बड़ी ही मज़बूती के साथ रखते हैं। 

"इतनी ही इंसानियत तुम्हरे दिल में हिलोरे मार रही है तो उस कलमुँहे को अपना दामाद क्यों नहीं बना लेते!"
"और आगी में डाल दो अपने सारे धर्म-शास्त्र और वेद-पुराणों की सीख!"  
"और बंद करो ये जाति-प्रथा!"
"दिखा दो अपनी फटी जाँघिया इस नये ज़माने को!" 
"अब बोलो!"
"बोलते काहे नहीं!" 
"मुँह काहे बंद हो गया?"
"अब नहीं दिखता क्या चमनवा जमादार में नाली का ईश्वर!"

            चिकनी पड़ाइन के इस कोरे तर्क के सामने पाड़े जी अपना शस्त्र डालकर उसका बेढंगा मुँह ताकने लगे। उधर इन दोनों पति-पत्नी की बातें सुनकर चमनवा जमादार गटर की नाली से अपना कीचड़ से सना मुँह निकाल खिखियाकर हँसने लगा। 
चमनवा जमादार पाड़े जी की हालत देखकर मानो कह रहा हो कि- 
"पाड़े जी अपनी सुधारवादी बातें अपने थैले में ही रखिए नहीं तो पूरी सृष्टि ही उलट पड़ेगी।"      
    
'एकलव्य' 

Monday, 3 February 2020

गोदी साहित्यकार ( लघुकथा )





गोदी साहित्यकार ( लघुकथा )



रात का पहर! बरगद के वृक्ष के नीचे बैठा पूरा गाँव।  

"आज़ादी के सत्तर बरस गुज़र गये परन्तु यह गाँव आज भी किसी उजाले की प्रतीक्षा में है।" 
"ना जाने वो रात कब आयेगी, जब हर मड़ई और मिट्टी के कच्चे घरों में आशा का वह टिमटिमाटा पीला लाटू  नाचेगा!" 

कहते हुए गाँव के सबसे पढ़े-लिखे मनई होरी लाल मुखिया पंचायत की बैठकी पर बैठकर हुक़्क़ा गुड़गुड़ाते हुए अपनी प्रगतिवादी सोच पंचायत के सम्माननीय सदस्यों और गाँववालों के समक्ष रखते हैं। 

"अरे मुखिया जी!"
"ग़ज़ब होइ गवा!"

तेज़ी से हाँफता हुआ रामेश्वर भरी पंचायत में आकर चिल्लाने लगता है।          

"का हुआ रे रामेश्वर!"
"तू इतना हाँफ क्यों रहा है?"
"का बात है?"
"का हो गवा?"
मुखिया जी कौतूहलपूर्वक रामेश्वर से खोज-ख़बर लेने लगते हैं।

रामेश्वर अपनी बाँह की कमीज़ में अपनी बहती हुई नाक को पौंछते हुए बोला-
"अरे मुखिया जी, गाँव के बाहर जंगलों में एक लाश मिली है जिसे जंगली जानवर बुरी तरह से चबा गये थे।"
"केवल उसके पास से एक सूती झोला और पहचान-पत्र बरामद किया गया है।"
"पहचान-पत्र से पुलिस ने उसकी शिनाख़्त की है।"
"ऊ अपने पटवारी का लड़का जम्बेश्वर रहा।"

"का बात करते हो रामेश्वर!"
"अबही पिछली रात मैंने उसे विधायक जी के आदमियों के साथ उनके आवास की तरफ़ जाते देखा था।"
"हो न हो यह विधायक जी का ही काम रहा हो!"

पनेसर महतो ने संदेह के आधार पर अपनी बानगी दो टूक शब्दों में कह दी।

"का मज़ाक करते हो पनेसर!"
"अरे, पिछली जनसभा में विधायक जी के कहने पर ही इहे जम्बेश्वर ससुर अपनी कविता में गा-गाकर उनकी हज़ारों तारीफ़ करा रहा!"
"औरे विधायक जी ने भी जम्बेश्वर को पूरे गाँव का श्रेष्ठ कवि घोषित कर रखा था।"
"और तुम तो उस धर्मात्मा पर ही गंभीर आक्षेप लगा रहे हो।"

मुखिया जी ने विधायक जी का पक्ष बड़ी ही मज़बूती के साथ रखा।

पनेसर महतो थोड़ा दबते हुए-
"अरे नाही मुखिया जी!"
"हम तो बस यही कहने की कोशिश करे रहे कि पिछले महीने उहे विधायक जी का लौंडा जड़ाऊ महतो की बहुरिया को जबरन खेतों में उठा ले गया रहा।"
"तब इहे ससुर कवि महाराज जम्बेश्वर, कोरट में उनके खिलाफ़ ग़वाही देवे पहुँच गये रहे।"
"तब जैसा किया था अब वैसा पा गये ससुर!"

"ठीक ही कह रहे हो पनेसर तुम।"
"जैसी करनी,वैसी भरनी!"

कहते हुए मुखिया जी अँगीठी की आग की तरफ़ अपना पैर कर पंचायत का हुक़्क़ा गुड़गुड़ाने लगते हैं,और एक लम्बी श्वास लेते हैं। मुँह से धुआँ निकालते हुए रामेश्वर से दोबारा पूछते हैं

"अरे रामेश्वर!"
"पुलिस से तूने कछु बका तो नहीं ना।"

रामेश्वर-
"अरे नाही मुखिया जी!"
"हम तोहे कउनो भंगेड़ी दिखते हैं!"
"लेना एक न देना दुइ!"
"हम काहे ई बेकार के झंझट में पड़ें।"
"औरो हमें कउनो सुपरमैन बनने की कोई विशेष इच्छा नाही है!"
"हाँ पर पुलिवाले गाँव में तफ़्तीश के लिये आ रहे हैं।"

इतना सुनते ही पंचायत के सभी सम्मानित सदस्य और गाँववाले वहाँ से एक-एक करके खिसकने लगे।    
    

    'एकलव्य' 
कोरट = कोर्ट/न्यायालय  

Sunday, 2 February 2020

पंचर फ़रिश्ता ( लघुकथा )



पंचर फ़रिश्ता ( लघुकथा ) 



धुकधुक-धुकधुक... !  धुकधुक-धुकधुक... ! 

"अब क्या हो गया इस खचाड़ा बाईक को।"
"अभी तो सर्विसिंग करायी थी!"

खीझता हुआ बाईकसवार हाइवे की सड़क के किनारे अपनी बाईक रोकता है और उसके पिछले टायर को बड़े ही ध्यान से जाँचने लगता है।
"ओह हो!"
"इतनी  बड़ी कील!"
"और इस सुनसान हाइवे पर!"

कहता हुआ बाईकसवार अपनी बाईक के टायर से उस बड़ी-नुकीली कील को निकालकर सड़क के दूसरी तरफ़ झाड़ियों में फेंक देता है।

"हे भगवान!"
"इधर तो दूर-दूर तक कोई भी पंचर बनाने की दुकान नज़र नहीं आ रही है।"

             ग़ुस्से में अपने पैर पटकता हुआ बाईकसवार पैदल ही बाईक को दोनों हाथों से हाइवे की सड़क पर खींचने लगता है। थोड़ी दूर चलने के बाद उसे एक टूटी-फूटी झोपड़ी दिखाई देती है जहाँ एक अधेड़ उम्र का आदमी लगभग बारह-तेरह वर्ष के लड़के के साथ बैठा दिखाई देता है।

झोपड़ी की छत से कुछ पुराने टायर-ट्यूब पतली रस्सी की सहायता से हवा में लटक रहे थे जो रह-रहकर तेज़ हवाओं के झोंकों की मार से हवा में पेंडुलम की भाँति तैरने लगते थे। इससे यह साफ़तौर पर अंदाज़ा लगाया जा सकता था कि यहाँ पंचर बनाया जाता होगा।
          जिसे देखकर बाईकसवार अपनी बाईक को खींचता हुआ झोपड़ी की तरफ़ तेज़ी से बढ़ने लगा।
झोपड़ी के नज़दीक पहुँचते ही-
"का बाबू!"
"टायर पंचर हो गया।"

बड़े ही दृढ़ विश्वास के साथ फेंकूराम बाईकसवार की बाईक की ओर देखकर इशारा करता हुआ उससे मुस्कराकर कहता है।

"अरे, तुम्हें कैसे पता?"
"अभी तो मैंने कुछ भी नहीं बताया तुम्हें!"
"फिर कैसे?"

आश्चर्य से बाईकसवार फेंकूराम की ओर देखकर उससे पूछता है।

''का बाबू!"
"का बात करते हो!"
"सारी जिनगी बीत गई हमारी इसी हाइवे पर।"
"औरे इहे पंचर बनाते-बनाते।"
"और तुम हमही से पूछते हो पंचर कैसे बनता है!"
तीख़ा व्यंग्य कसता हुआ फेंकूराम।

थोड़ा झेंपता हुआ बाईकसवार-
"हमारा वो मतलब नहीं था।''
"हम तो बस।'
"अच्छा छोड़ो ये सब!''
"देखो हमारी बाईक का पिछला टायर पंचर है।"
"इसमें एक बड़ी नुकीली कील घुस गयी थी।"

थोड़ी देर तक एक पानीभरे बड़े बर्तन में ट्यूब उलटने-पलटने के बाद फेंकूराम बाईकसवार को उत्तर देता है-
"बाबू बड़ा पंचर है।"
"दो सौ रुपये लगेंगे।"
"बनवाना है तो बताओ!"

फेंकूराम की ना-जाएज़ माँग सुनकर बाईकसवार थोड़ा तैश में आकर बोला-
"अरे भाई!"
"ये क्या लूट मचा रखी है?'
"पंचर के चालीस रुपये बनते हैं।"
"ज़रा किफ़ायत से माँगो!"

फेंकूराम थोड़ा चुटीले अंदाज़ में-
"तो बाबू कोई किफ़ायत वाली दुकान खोज लो!"
"हम तो इतना ही लेंगे!"

बाईकसवार थोड़ी देर कुछ सोचकर-
"ठीक है!"
"पंचर बनाओ!"

थोड़ी देर बाद पंचर बनकर तैयार हो गया और बाईकसवार ने फेंकूराम को दो-सौ रुपये पकड़ाए और बाइक का एक्सीलेटर दबाता हुआ वहाँ से ढुर-ढुर की ध्वनि करते चलता बना।

"अरे बापू!"
"आपने उस बाईकवाले से इतने ढेर सारे पैसे क्यों लिये?"
"जबकि उसके बाईक का टायर हमारे द्वारा सड़क पर बिछायी गयी कीलों की वजह से ही पंचर हुआ था।"
"पैसे तो हमें उसे देने चाहिए थे।"

फेंकूराम का लड़का बड़े ही निश्च्छल मन से यह ज्वलंत प्रश्न उसकी तरफ़ दागता है।

फेंकूराम मंद-मंद मुस्कराता हुआ अपने किशोरवय लड़के से कहता है-
"बेटा,आजकल इसे ही दुनियादारी कहते हैं।"
"हमरे कुलही नेतागण भी तो यही कर रहे हैं ना।"
"ज़रा देख, आज वे कहाँ बैठे हैं!"
"वे भी तो एक फ़रिश्ते ही हैं हमारे लिये।"  
"चल जा!"
"और जाकर कोने में पड़े बक्से से दस-पंद्रह कील सड़क के बीचो-बीच फेंक आ!"
"इसी से तू एक दिन बड़ा आदमी बनेगा!"

कहता हुआ फेंकूराम अपने लड़के को कड़ी नसीहत देता है और लड़का अपने पिता द्वारा सुझाए मार्ग पर चलता हुआ बड़े ही ख़ुशी मन से सड़क पर कीलें बिखेरने लगता है।            
                 
                              '
'एकलव्य' 

Friday, 31 January 2020

लड़खड़ाती वफ़ादारी ( लघुकथा )





लड़खड़ाती वफ़ादारी ( लघुकथा )



                  रात्रि का पहर! झुमरू ज़मींदार साहब की चौखट पर मुँह बाये घंटों से खड़ा था। बीच-बीच में थोड़ा सुस्ताने हेतु गोल-गोल घूमकर पूँछ हिलाते हुए बैठ जाया करता और कभी-कभी भीतर से आती आवाज़ को सुनकर चौकन्ना हो एक चुस्त-दुरुस्त चौकीदार की भाँति खड़ा हो जाता। दो बरस पहले झुमरू की माँ उसे जन्म देते वक़्त यहीं ज़मींदार की गौशाला में ही गुज़र गयी।  तब से झुमरू ज़मींदार साहब के टुकड़ों पर पल रहा है और अपनी वफ़ादारी निभाता चला आ रहा है।

"क्या हुआ?"
"अरे खाना तो पूरा खा लेते!"
"भोजन पर काहे ग़ुस्सा उतार रहे हो?"
"अरे, ऊ छितना की घरवाली गवाही दे दीस कोरट मा तो का हो गवा!"
"अभी सज़ा तो न हुई ना तुमका!"
"भेज दो, दो-चार लठैत रात मा!"
"सारी हेकड़ी निकल जाएगी उस छितना की मेहरिया की, दो मिनट में!"

ठकुराइन अपने ज़मींदार पति राणा जी को सलाह देती हुई समझाती है।

"अरे, का बतायें!"
"लाख समझाया था उन ससुरों को!"
"मुँह तोप के हमला करना!"
"और केवल धमकाना ऊ छितना को!"
"मुझे का पता था कि ई ससुर भीमा और बजरंगिया उसे जान से ही मार देंगे!"
"औरो उसके घरवाली के ही सामने!"

कहते हुए राणा जी हाथ में तम्बाकू मलते-मलते चूने के गर्दे को दोनों हाथों से ठोककर हवा में उड़ाते हैं।

"अरे जी!"
"तुम नाहक़ ही चिंता करते हो।"
"घर में दस-ठो कुत्तों को किस दिन के लिये पाल रखा है?"
"छोड़ देना आज रात उसकी घरवाली पर।"
"सारी अक़्ल ठिकाने आ जायेगी!"
अपनी ज़मींदारी का रौब झाड़ती हुई ठकुराइन पलँग से उठकर खड़ी हो जाती है, और भीतर से ही अपने नौकर बजरंगी को आवाज़ लगाने लगती है।

ठकुराइन की गरजती हुई आवाज़ सुनकर झुमरू चौकन्ना होकर खड़ा हो जाता है और बेतहाशा भौंकने लगता है, मानो कह रहा हो-
"मालिक आप यह अन्याय करने जा रहे हैं, छितना के परिवार के साथ!"
"और मैं यह घोर अन्याय बिल्कुल नहीं होने दूँगा।"
तभी झुमरू की पीठ पर एक ज़ोर की लाठी उसके सम्पूर्ण क्रांतिकारी विचारों को एक करुणाभरी चीख़ में परिवर्तित कर देती है!

"अरे का हुआ!"
"कउन है रे!"
ठकुराइन भीतर से ही आवाज़ लगाती हुई पूछती है।

"अरे मालकिन हम हैं।"
"बजरंगिया!"
"ई ससुर तोहार कुकुरा झुमरूआ  बौरा-बौराकर हम पर भौंके जा रहा था।"
"दिया दुइ लाठी ससुर को!"

"अरे काहे भगा दिया उसे?"
"रोटी ख़ातिर खड़ा रहा होगा!"
"उसके रोज़ का टेम हो गया था ना!"

कहती हुई ठकुराइन पलँग पर अपने दोनों पाँव पसारकर अपना पानवाला ख़ानदानी संदूक खोलने लगती है।      


'एकलव्य' 
कोरट =न्यायालय/कोर्ट/अदालत
मेहरिया =पत्नी 
टेम = समय/टाइम  
कुकुरा =कुत्ता         
                     

Monday, 27 January 2020

अम्मा गिर गई! ( लघुकथा )






अम्मा गिर गई! ( लघुकथा ) 



रोज़-रोज़ की किच-किच! मैं तो थक गया हूँ इस घर से, कहते हुए वक़ील साहब कचहरी जाने के लिए तैयार होते हुए।
लाजवंती मुँह फुलाए वक़ील साहब को उलाहना देती हुई।

लाजवंती-
"हाँ जी!"
"मैं ही सबसे बुरी हूँ!"
"बाक़ी सभी दूध के धुले हैं!"

कहते-कहते रोने लगती है।
"पहले इस आदमी ( वक़ील साहब की ओर इशारा करती हुई ) से कभी कोई सुख नहीं मिला!"
"और अब ये नई बहुरिया के अपने ही ठाट-बाट!"
"जब देखो तब महारानी एलिज़ाबेथ, टाँग पसारे चारपाई तोड़ती रहती है!"
"और मैं मुई"
"इस कड़कड़ाती ठंड में घर का झाड़ू-पौंछा कर-करके मरी जा रही हूँ!"
"और मेरा सुपुत्र रामखेलावन अपने ही खेला में दिन-दोगुनी,रात पॉँच गुनी करने में मस्त है!"
"मेरे तो भाग ही फूट गए!"
"अरे किरीतिया!"
"कब ठीक होगी रे तू?"

         वक़ील साहब की बहुरिया 'किरीतिया' चार दिन से मलेरिया के बुख़ार से पीड़ित थी, नहीं तो घर का सारा काम-धाम उसी के सर पर फूटता था।
जबसे किरीतिया खटिया पर पड़ी है, लाजवंती के मुँह पर बारह ही बजे रहते हैं, और काम कम उसका सारा समय किरीतिया को ताने देने में ही गुज़र जाता है।

          खैर, किसी तरह रोज़ के चूल्हा-चौके का काम निपटाकर लाजवंती सीढ़ियों से उतर रही थी कि उसका पाँव फिसल गया!
भारी ढुलमुल शरीर होने की वज़ह से वह स्वयं को संभाल न सकी और कई करवटें लेती हुई प्रारम्भ से अंतिम सीढ़ी के फ़र्श पर आ पसरी, और ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाना शुरु कर दिया!

                              वक़ील साहब लाजवंती के इस करुण पुकार को सुनकर उल्टे पाँव दौड़े, और उधर किरीतिया बुख़ार होते हुए भी जैसे-तैसे लाजवंती को उठाने पहुँच गयी!
किसी तरह मिल-मिलाकर दोनों ने लाजवंती को उसके बिस्तर तक पहुँचाया।

       लाजवंती को दिन में ही चाँद-तारों के दर्शन होने लगे थे! किरीतिया लाजवंती के सर पर अपना हाथ फेरने लगी जो बुख़ार होने की वज़ह से अत्यंत गर्म था!

किरीतिया- माँ जी!
"अब कैसी तबीयत है?"
लाजवंती से कहती हुई।

         परन्तु लाजवंती दर्द के कारण बोलने में अक्षम थी सो धीरे से अपनी पलकें झपका दी। संभवतः लाजवंती के हड्डी में चोट लगी थी यह भाँपते हुए किरीतिया शीघ्र ही रसोईंघर की ओर भागी और हल्दीवाला दूध बनाकर ले आयी, और लाजवंती को इसे पीने के लिए कहने लगी। परन्तु आज लाजवंती को अपने किये गए कर्मों पर पछतावा हो रहा था।
मौन ही वह किरीतिया को देखे जा रही थी और पश्चाताप के अश्रु उसकी आँखों से स्वतः ही गतिमान थे! 

           
                   

'एकलव्य' 

Sunday, 19 January 2020

नौटंकी ( लघुकथा )







    नौटंकी ( लघुकथा )

वाराणसी शहर अपने अल्हड़-मस्ती और मस्तानों की एक से बढ़कर एक टोली हेतु मशहूर, और बात करें लंका स्थित पनवड़िया बनारसी पानवाले के पान की दुकान की तो क्या बात ! 

          संसद में जितने सत्र होते हैं वर्ष में, उसमें सभी माननीय उपस्थित हों यह आवश्यक नहीं परन्तु पनवड़िया बनारसी के पान की दुकान पर वर्षभर सत्र का आयोजन कोई आम बात नहीं और वो भी शहरभर के धुरंधर ज्ञानी 'मनई' का जमावड़ा! 
पनवड़िया बनारसी और उसकी दुकान में ज़ोर-ज़ोर से बजता सुपरहिट भोजपुरी चलचित्रों का मनलुभावन देशी अपनत्व और कुछ पाश्चात्य की अश्लीलता से सराबोर पॉप टाइप आधुनिक संगीत! 

सुबह का समय, पंडित फुदकूराम जी का आगमन -
पंडित फुदकू राम बड़े ही रौब से ऐंठते हुए-
"अरे बनारसी!"
"थोड़ा चकाचक पान तो लगा!"
पनवड़िया बनारसी पान लगाने में मस्त।
"अरे पंडित जी प्रणाम!"
"का हाल-चाल बा ?"
 उधर से विद्याधर द्विवेदी बड़ी ही शालीनता से बोले। 

पंडित फुदकूराम नाक-भौं सिकोड़ते हुए प्रतिउत्तर में अपने पान के दागों से रंगे दाँत विद्याधर द्विवेदी को दिखा दिये!
विद्याधर द्विवेदी बड़े ही चुटीले अंदाज में-
"पंडित जी कछु सुना ?"

पंडित फुदकूराम  तनिक ऐंठते हुए-
"सुन ही तो रहे हैं!"
"अउर का मूँगफली थोड़े न तोड़ रहे हैं!"
विद्याधर द्विवेदी, पंडित फुदकूराम के इस व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया से अपनेआप को थोड़ा असहज महसूस करने लगे।
पंडित फुदकूराम थोड़ा नरम पड़ते हुए-
"अब नया का हो गवा ?"

विद्याधर द्विवेदी उत्सुकतापूर्वक-
"अरे!"
"सबरीमला का कांड सुने की नाही ?"

पंडित फुदकूराम कुंठाभरी प्रतिक्रिया देते हुए-
"औरो का सुने!"
"घर-बार के कांड से फुर्सत मिले तब ना!"
"ख़ैर छोड़िए!"
"क्या रखा है देश-दुनिया की ख़बरों में ?"
"यहाँ तो कुलहिन भ्रष्टाचारी हैं!"
"केके देखें ?"
"कउनो कुछ कहते भी नहीं!"
"सभी के मुँह जो सिले हैं!"

"अबही हाल ही की एक घटना ले लीजिए!"
"गाँव में शौचालय बनाने का पैसा ब्लॉक का प्रमुख अउर ग्रामप्रधान दोनों सठगठिया भाई मिलकर गपत कर गये!"
"सरकारी कागज़ में शौचालय निर्मित!"
"अउरो ससुर धरती पर नदारद!"
"अउर तो अउर सड़क पर पुलिसवालों की दादागीरी अलगे चल रही है!"

"भारी वाहनों के प्रवेश हेतु वर्जित सड़क पर हमारे रक्षक खाली बीस-ठो रुपल्ली खातिर रात में भारी सामान से भरे ट्रकों को बिना किसी रोक-टोक के आने-जाने की सहर्ष अनुमति प्रदान करते हैं!"
"अउर का देखें ?"
"सभी तो देख ही रहे हैं परन्तु सभी ने बाबा विश्वनाथ की कछु न बोलने की कसम ले रखी है!"

      तभी सड़क के दूसरी ओर से ज़ोर-ज़ोर किसी के रोने-गिड़गिड़ाने की आवाज़ सुनाई पड़ने लगी!
पनवड़िया बनारसी के दुकान पर खड़े सभी सज्जन उस चलचित्र को देख रहे थे जहाँ एक ग़रीब रिक्शावाला यह कहते हुए अपने प्राणों की भीख माँग रहा था कि,

"साहब हमसे गलती हो गई!"
"रिक्शे का चेन उतर गया था इसलिए रिक्शा सड़क के किनारे लगाने में तनिक देर हो गई!"

परन्तु रिक्शेवाले की ये खोखली दलीलें उस ईमानदार पुलिसवाले के समक्ष बौनी साबित हो रही थीं, और क़ानून  के समुचित पालन हेतु वह लगातार उस ग़रीब रिक्शेवाले के ऊपर लाठियों की बौछार करता चला जा रहा था। 

        पनवड़िया बनारसी के सभी गणमान्य ग्राहक मूकदर्शक बने यह नाटक बड़ी ही ईमानदारी और तन्मयता के साथ देख रहे थे! तभी पंडित फुदकूराम यह कहते हुए वहाँ से निकल लिए कि,
"बड़ी देर हो रही है!"
"इस नौटंकी का प्रसारण कोई खास बात नहीं!"   



लेखक : ध्रुव सिंह 'एकलव्य'
    

Tuesday, 14 January 2020

मटमैला पानी ( लघुकथा )



मटमैला पानी ( लघुकथा ) 



"अरे सुना है, ऊ कलुआ पंचर वाले ने भी प्रधानी के चुनाव हेतु पर्चा भरा है!"
ठहाका मारके हँसते हुए छगन मिसिर।
रामसजीवन,
"अरे!"
"यह बात तो हमने भी सुनी है!"
छगन मिसिर,
"हाँ..!"
"ठीक ही है!"
"पंचर बनाते-बनाते कहीं गाँव की इज़्ज़त पर ही न पंचर चिपका दे!"

रामसजीवन,
"राम... !"
"राम ...!"
"राम...!"
"अब पंचर वाले भी हमार गाँव चलाने को तैयार हैं!"
"घनघोर कलयुग!"
तभी चमन डाकिया अपनी साईकिल की घंटी बजाता हुआ उन धनाढ्यों की चौपाल पर अपनी हाज़िरी लगाने पहुँचता है जहाँ सभी अलाव के चारों ओर बैठकर सर्दी का भरपूर आनंद ले रहे थे।

छगन मिसिर,
"का हो चमन!"
"कइसे हो ?"
चमन,
"सब ठीक है पंडित जी!"
छगन मिसिर व्यंग्य कसते हुए, 
"आजकल हमरी चौपाल पर तुम्हरा आना-जाना बड़ा कम हो गया है!"
"का सारी चिट्ठी-पाती उहे कलुआ पंचरवाले की झोपड़िया में गिरावत हो का!"

चमन डाकिया,
"अरे नाही पंडित जी!"
"का बात करत हो!"
बात को टालते हुए चमन डाकिया वहाँ से चला जाता है। जल्द ही चमन की साईकिल सड़क के किनारे एक उजाड़-सी मड़ई, ( जहाँ ट्यूब के कुछ टुकड़े, लोहे के गोलाकार बर्तन में भरा मटमैला पानी और पास में ही रखा जंग लगा हवा भरने वाला पम्प जो मड़ई के घास-फूस की दीवार के सहारे टिकाकर रखा गया था।
मड़ई की छत से कुछ पुराने टायर लटक रहे थे मानो किसी साईकिल के पहिए में लगने से पहले ही अपने अंतिम अवस्था की बची चंद घड़ियाँ गिन रहे हों! ) के पास आकर रुकी।

मटमैले लोहे के बर्तन में रखे पानी में एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति ट्यूब के एक सिरे से दूसरे सिरे को बार-बार डुबोता और हवा के आवागमन को परखता।
छेद का अनुभव होने पर ट्यूब के उस स्थान को पास ही ज़मीन पर पड़े लकड़ी के टुकड़ों को छेद में घुसेड़ते हुए उन्हें चिन्हित करता।

चमन डाकिया,
"का हो कल्लु!"
"कैसे हो ?"
कल्लु,
"सब ठीक बा डाकिया बाबू!"
चमन डाकिया,
"तुम्हरे चुनाव की तैयारी कैसी चल रही है ?"
कल्लु,
"बस चल रहा है डाकिया बाबू!"
कहते हुए कल्लु मड़ई के एक कोने में रखा लकड़ी का स्टूल चमन के लिए बाहर ले आता है और चमन से बैठने का निवेदन करता है, और स्वयं पुनः जाकर पानी में डूबे हुए ट्यूब को पुनः उलटने-पलटने लगता है।

चमन डाकिया,
"अउर!"
"तोहार चुनाव की तैयारी के लिए कउनो पम्पलेट-वम्पलेट छपवाया ?"

कलुआ एक पल को शांत हो जाता है और उसकी निगाहें संभवतः अपनेआप को उसी बर्तन में रखे मटमैले पानी में तलाशतीं  नज़र आती हैं।


लेखक - ध्रुव सिंह 'एकलव्य'





खोखली पंचायत ( लघुकथा )

खोखली पंचायत ( लघुकथा )  "अ रे ए होरी!" "तनिक एक मस्त चाय तो बना!" "ससुर ई मच्छर!" "रातभर कछुआ...